विगत 12-13-14 नवम्बर को हरियाणा प्रांत के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कॉलेज विद्यार्थी प्रमुख
कार्यकर्ताओं का एक प्रशिक्षण वर्ग कैथल के आर. के. एस. डी. स्कूल में संपन्न हुआ . वर्ग 12 नवम्बर
शुक्रवार 8 बजे से शुरू होकर 14 नवम्बर रविवार दोपहर 3 बजे तक चला. वर्ग में प्रांत के कुल 22
जिलों में से 18 जिलों के कुल 149 कार्यकर्त्ता उपस्थित थे जिनमें 6 जिला प्रमुख, 12 नगर प्रमुख,
8 खंड प्रमुख, 45 कॉलेज परिसर प्रमुख, 6 छात्रावास प्रमुख, 20 सायं कार्यवाह, 22 विस्तारक-प्रचारक
व 30 अन्य दायित्व के कार्यकर्त्ता थे. वर्ग का उद्घाटन करते हुए सह प्रांत प्रचारक श्री सुधीर जी ने संघ
स्थापना की पृष्ठभूमि तथा परम पूजनीय डॉक्टर जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए संघ कार्य में कॉलेज
विद्यार्थी कार्यकर्ताओं की महत्ता व सम्भावना को स्पष्ट किया.
अगले दिन सुबह के संघ स्थान पर विभिन्न संघर्ष युक्त खेलों (विशेषकर मंडल खो) का आनंद लेते हुए
आसन व सूर्य नमस्कार का अभ्यास करवाया गया तथा अंत में शिक्षकों ने दंड युद्ध का प्रात्यक्षिक
प्रस्तुत किया. अल्पाहार व स्नान के बाद अपने अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख मा. मनमोहन जी वैद्य
का "समाज परिवर्तन का आधार संघ व संघ कार्य का आधार शाखा" विषय पर बौद्धिक वर्ग हुआ.
तत्पश्चात अलग-2 श्रेणी अनुसार (नगर/खंड प्रमुख, कॉलेज प्रमुख आदि) बैठकें हुई जिसमें हर
श्रेणी विशेष के महत्त्व, कार्य व संभावित कार्यक्रमों के विषय में चर्चा हुई. प्रांत प्रचारक डा. कृष्ण बवेजा जी
व सह प्रांत संघचालक मा. पवन जी जिंदल सहित अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने इन बैठकों में कार्यकर्ताओं
का मार्गदर्शन किया. दोपहर बाद सामूहिक बैठक में रोहतक विभाग प्रचारक श्री विपिन जी ने कॉलेज
विद्यार्थी कार्य की दृष्टि से किये जा सकने वाले नैमित्तिक कार्यक्रमों के बारे में सबका मार्गदर्शन किया.
इस सत्र में कार्यकर्ताओं ने अपने यहाँ किये गए विभिन्न यशस्वी कार्यक्रमों की जानकारी भी दे. शाम
को सफ़ेद कमीज व खाकी निकर, इस तय वेश में सायं का संघ स्थान संपन्न हुआ जिसमें खेल,
आचार पद्धति, समता का प्राथमिक प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं को दिया गया, साथ ही शिक्षकों द्वारा
समता का प्रत्याक्षिक भी किया गया. रात्रि भोजन से पूर्व मा. मनमोहन जी के साथ जिज्ञासा समाधान
का कार्यक्रम हुआ. रात्रि में "प्रतिभा प्रदर्शन" कार्यक्रम में विभिन्न कार्यकर्ताओं द्वारा गीत, कविता,
नाटिका, कव्वाली आदि का प्रदर्शन किया गया.
रविवार के सुबह के संघ स्थान का मुख्य आकर्षण कबड्डी प्रतियोगिता रहा जिसमें सबने खूब उत्साह
के साथ भाग लिया. अल्पाहार व स्नान के बाद की सामूहिक बैठक में प्रांत के प्रचार प्रमुख श्री सुशीलजी
तथा प्रांत के शारीरिक प्रमुख श्री सुरेन्द्रपाल जी ने अपने-2 विभाग की दृष्टि से कार्यकर्ताओं से बातचीत
की, साथ ही वर्ग का अनुभव कथन का कार्यक्रम भी संपन्न हुआ. समापन सत्र में सबसे पहले हर जिले द्वारा
वृत्त कथन हुआ जिसमें अपने जिले में वर्तमान में कॉलेज विद्यार्थी कार्य की स्थिति व वर्ष प्रतिपदा तक का
लक्ष्य सबके सामने बताया गया. उसके बाद पंतनगर विश्वविद्यालय में प्रोफ़ेसर तथा वहाँ पर विवेकानंद
स्वाध्याय मंडल(VSM ) के संस्थापक व प्रणेता उत्तराखंड प्रांत के कॉलेज विद्यार्थी प्रमुख
डा. शिवेंद्र कश्यप जी ने बहुत ही प्रभावी ढंग से कॉलेज परिसर में किये जा सकने वाले विभिन्न प्रकार के
सेवा कार्यों व अन्य प्रयोगों व प्रकल्पों की चर्चा की. समापन मार्गदर्शन स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय
संगठन मंत्री श्री कश्मीरीलाल जी द्वारा हुआ जिसमें उन्होंने राष्ट्र निर्माण के महत्त्वपूर्ण लक्ष्य की प्राप्ति हेतु
कॉलेज विद्यार्थी कार्यकर्ताओं में अपेक्षित गुणों व योग्यताओं पर प्रकाश डालते हुए अपने जीवन का कुछ
समय संघ कार्य हेतु लगाने का मार्मिक व प्रभावी आह्वान किया.
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में शोधकर्ता व कुरुक्षेत्र जिला प्रमुख श्री हरीश जी ने वर्ग कार्यवाह के रूप में वर्ग
का यशस्वी सञ्चालन किया. वर्ग कार्यवाह से लेकर वर्ग के पर्यवेक्षक, वितरण-प्रमुख, मुख्य-शिक्षक आदि
सभी दायित्व कॉलेज विद्यार्थी प्रमुख कार्यकर्ताओं ने निर्वाह किए।
No comments:
Post a Comment