राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ
११४३, सेक्टर - १९, फरीदाबाद
हिंदुत्व में समस्त विश्व को एक सूत्र में पिरोने की क्षमता है : डा. मोहन राव भागवत
हिंदुत्व ही समस्त विश्व को एक सूत्र में पिरोने का मार्ग है, विविधता में एकता का आधार है | हिन्दू जाग्रति व संगठन से ही भारत तथा विश्व का कल्याण होगा, हिन्दू जगे तो विश्व जगेगा | विश्व कल्याण के लिए हिन्दू संगठन व जागरण अति आवश्यक है | हमें सभी आपसी मतभेद भुलाकर अखंड हिन्दू राष्ट्र का संकल्प लेना है | उक्त विचार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डा. मोहन राव भागवत जी ने आज फरीदाबाद में सेक्टर 16A स्थित दशहरा मैदान में संघ द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में व्यक्त किये |
उन्होंने कहा कि चीन का जन सामान्य भारत को अपना सांस्कृतिक गुरु मानता है | परन्तु चीनी सरकार का रवैया पूर्णतया साम्राज्यवादी व भारत विरोधी ही रहा है, हिन्दू दर्शन व वसुधैव कुटुम्बकम की हमारी अवधारणा के विपरीत रहा है | हमारे लिए दुनिया बाजार नहीं बल्कि हमारा कुटुंब है परन्तु चीन की नीयत साफ़ नहीं है | उसने हमारी जमीन पर कब्ज़ा किया हुआ है, तिब्बत को हड़प रखा है , हमारे कई क्षेत्रों में वह अपना अधिकार जताता है | देश की सीमाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हमारे देश की सीमायें सुरक्षित नहीं हैं| हमारी सीमाओं पर जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, आसाम आदि अनेक रास्तों से घुसपैठ हो रही है | पाकिस्तान के साथ बार-२ दोस्ती का हाथ बढ़ाये जाने के बावजूद पाकिस्तान हमारे देश में आतंकवादी भेज रहा है | सुरक्षा एजेंसियों व राज्यपालों की रपट पर भी सरकार ध्यान नहीं दे रही है इसकी वजह से असम में भयंकर हिंसा जैसे परिणाम सामने आते हैं | परन्तु आसाम का हिन्दू अब जाग्रत होने लगा है और वह बांग्लादेशी घुसपैठियों को पहचानने लगा है |
खुदरा व्यापार में ऍफ़.डी.आई. का विरोध करते हुए उन्होंने कहा कि जिन -२ देशों में यह लागू हुआ उनका अनुभव हमारी सरकार की सोच के विपरीत है | यह हमारी अर्थ व्यवस्था के लिए किसी भी प्रकार से उपयुक्त नहीं है | भारत को इसकी आवश्यकता ही नहीं है |
उन्होंने सरकार को चेताया कि वह भ्रष्टाचार व भ्रष्टाचारियों को संरक्षण प्रदान कर रही है | भ्रष्टाचार विरोधियों , राष्ट्रवादियों व हिन्दू संतों को बदनाम कर रही है | अपने राजनीतिक लाभ के लिए भाषावाद, प्रांतवाद, क्षेत्रवाद व जातिवाद को बढ़ावा दे रही है जिससे राष्ट्रीय एकता व अखंडता को खतरा उत्पन्न हो रहा है | अपराधी प्रवृत्ति के लोगों पर सुरक्षा बलों व पुलिस द्वारा कार्यवाही किये जाने पर सरकार पुलिस व सेना के मनोबल को गिराने व देशद्रोहियों के मनोबल को बढाने का कार्य कर रही है |
उन्होंने कहा कि संघ के स्वयंसेवक किसी भी प्रकार की आपदा के समय सबसे आगे आकर सेवा और सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं | | देश के लिए जीना और मरना ही संघ के स्वयंसेवक का स्वभाव है |
इससे पूर्व संघ के स्वयंसेवकों ने योग, ब्यायाम, दंड योग , समता व घोष आदि का अविरल प्रदर्शन किया | घोष का प्रदर्शन बहुत ही सुन्दर व आकर्षक रहा | इस कार्यक्रम में फरीदाबाद जिले के सभी स्वयंसेवकों के अलावा समाज के अनेक गणमान्य नागरिकों , अनेक स्वयंसेवी सामाजिक-धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया | कार्यक्रम में महिलाओं व विद्यार्थियों की सहभागिता भी अच्छी संख्या में रही | इस अवसर पर उत्तर क्षेत्रीय प्रचारक श्री रामेश्वर जी, क्षेत्रीय कार्यवाह श्री सीताराम व्यास, क्षेत्रीय संपर्क प्रमुख श्रीकृष्ण सिंघल जी , प्रांत संघचालक माननीय मेजर करतार सिंह, सह प्रान्त संघचालक माननीय पवन जिंदल जी, प्रान्त कार्यवाह डा. श्रीपाल सिंह, विभाग संघचालक माननीय जमुना प्रसाद जी, जिला संघचालक माननीय अजीत जैन, सह-जिला संघचालक डा. अरविन्द जी सूद , विभाग कार्यवाह श्री गंगा शंकर मिश्र आदि उपस्थित रहे |
-राजेंद्र प्रसाद गोयल, एडवोकेट
सह-जिला प्रचार प्रमुख, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, फरीदाबाद
संपर्क सूत्र : 9899389889
No comments:
Post a Comment